कोरोना टीकाकरण अभियान के तीसरे दिवस पर आज (बृहस्पतिवार) 5125 हेल्थ केयर वर्करों को टीका लगाया जाएगा। जिले के 26 केंद्रों पर टीकाकरण के41 सत्र चलेंगे। इसमें छह केंद्रों पर तीन, तीन पर दो और सत्रह पर टीकाकरण के एक-एक सत्र होंगे। वहीं ग्रामीण इलाकों के सरकारी अस्पतालों में बुधवार को वैक्सीन भी पहुंच गई।
16 और 22 जनवरी के बाद गुरुवार को जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। इस बार केंद्रों के साथ टीकाकरण के सत्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। इस तीसरे टीकाकरण दिवस पर 26 अस्पतालों को शामिल किया गया है। इसमें 15 सरकारी और 11 निजी अस्पताल शामिल हैं। जहां टीकाकरण के 41 सत्र चलाए जाएंगे। इन सत्रों में 5125 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हर केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
वहीं प्रशासन के स्तर से भी नोडल अफसर बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीकाकरण की पूरी तैयारी है। बुधवार को ब्लाक स्तरीय सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन पहुंच गई। शहरी क्षेत्र के अस्पतालों में गुरुवार सुबह वैक्सीन भेजी जाएगी।
स्वास्थ्य कर्मी टीका जरूर लगवाएं
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने कहा कि कोरोना वैक्सीन को लेकर किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है। इससे डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दूसरी वैक्सीन की तरह ही ये भी वैक्सीन है। सरकारी और निजी हेल्थ केयर वर्कर टीका जरूर लगवाएं। ये स्वास्थ्य कर्मियों और उनके परिवार के लिए जरूरी है।
कहां कितने सत्र प्रस्तावित
भोजपुर, डिलारी, कांठ, कुंदरकी, मूंढापांडे, ताजपुर में तीन-तीन, बिलारी, ठाकुरद्वारा और टीएमयू में दो-दो, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, अरबन पीएचसी टाउनहॉल, मझोला, फकीरपुरा, पीतल बस्ती, सीपीएच, विवेकानंद अस्पताल, कॉसमॉस अस्पताल, ब्राइट स्टार हॉस्पिटल, सिद्ध हॉस्पिटल, क्रेस्ट हॉस्पिटल, सांई हॉस्पिटल, कोठीवाल डेंटल कालेज, एपेक्स हॉस्पिटल, आशीर्वाद नर्सिंग होम, शनवी नर्सिंग होम में टीकाकरण के एक-एक होंगे।