मुरादाबाद। अगर आप कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं तो सावधान हो जाइए। जिले में संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच कोरोना की चेन बनने लगी है। सात संक्रमितों से 17 लोगों की चेन बनी है। मार्च के सोलह दिनों में मिले 53 पॉजिटिव केसों में 17 संक्रमितों के संपर्क वाले शामिल हैं। ऐसे में कोरोना की चेन की कड़ी ना बने, बल्कि चेन तोड़ने की लड़ी बने। सामाजिक दूरी के साथ मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
पिछले साल मार्च में जिले में कोरोना का सिर्फ एक पॉजिटिव केस मिला था। लेकिन इसके बाद संक्रमण ने रफ्तार पकड़ी। अगस्त, सितंबर और अक्तूबर में मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। सर्दी बढ़ने पर संक्रमण की रफ्तार में कमी आई। इस साल फरवरी में सबसे कम 33 पॉजिटिव केस मिले। लेकिन इस साल मार्च में संक्रमण ने भी फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोलह दिनों में 53 केस मिल चुके हैं। इसमें 17 पॉजिटिव केस संक्रमितों के संपर्क वाले हैं। जो सात संक्रमिताें के संपर्क में थे। अगर लापरवाही की चेन बनती रही तो मार्च में ही संक्रमित मरीजों की संख्या सौ के पार हो जाएगी। ऐसे में एहतियात बरत कर खुद को और अपने परिवार को कोरोना संक्रमण से महफूज रखें। सामाजिक दूरी बनाएं रखें। मास्क और सैनिटाइजर का जरूर इस्तेमाल करें।
- आपकी बरती गई लापरवाही कोरोना वायरस के फैलाव का कारण बनती है। केस कम आए तो लोग अधिक लापरवाह हो गए। एक दूसरे से हाथ मिलाना शुरू कर दिया है। मास्क का भी इस्तेमाल कम करने लगे हैं। ये लापरवाही आपके परिवार पर भारी पड़ सकती है। हरहाल में सामाजिक दूरी अपनाएं और मास्क का इस्तेमाल करें।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ
ऐसे बढ़ती घटती रही कोरोना की रफ्तार
महीना---पॉजिटिव
मार्च----01
अप्रैल---116
मई-----144
जून-----254
जुलाई---1533
अगस्त---3226
सितंबर---3297
अक्तूबर--1833
नवंबर---551
दिसंबर---752
जनवरी 2021 ---203
फरवरी 2021---33
मार्च 2021-----53
नोट : मार्च 2021 की रिपोर्ट 16 तारीख की है।