मुरादाबाद। कोरोना वायरस की दहशत के बीच विदेश यात्रा से वापस लौटे 48 लोगों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी हैं। अलग-अलग देशों से आए 48 लोग लापता हैं। इनमें अधिकतर लोगों के नाम एवं पते सही नहीं हैं। जबकि कई लोग एयरपोर्ट पर उतरने के बाद से मुरादाबाद ही नहीं पहुंचे हैं। फरवरी से अब तक मुरादाबाद जिले के 230 लोग विदेश यात्रा से आए हैं। इनमें 182 लोग चिह्नित और 149 लोगों की निगरानी हो रही है।
कोरोना संक्रमण के मामलों के साथ लोगों में दहशत और विदेश से लौटने वालों की संख्या हर रोज बढ़ रही है। एयरपोर्ट अथारिटी की सूची के आधार पर हर यात्री के घर जाकर स्वास्थ्य विभाग टीम स्क्रीनिंग कर निगरानी कर रही है। जर्मनी, इटली, स्पेन, चीन, ईरान और फ्रांस से लौटने वालों की जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग हो रही है। स्क्रीनिंग के लिए पांच चिकित्सकों का पैनल बनाया गया है।
डिस्ट्रिक्ट एपिडेमिलॉजिस्ट अजीजउर रहमान के मुताबिक फरवरी से अब तक मुरादाबाद के 230 लोग विदेश यात्राओं से लौटे हैं। यात्री व्यवसायी, नौकरीपेशा और छात्र हैं। 182 लोग चिह्नित किए जा चुके हैं। डिस्ट्रिक्ट एपिडेमिलॉजिस्ट ने बताया कि 48 लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है। अधिकतर लोगों के नाम और पते गलत हैं। सर्विलांस टीमों को लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लगा है। इसकी सूचना प्रशासन के माध्यम से शासन को भेज दी गई है।