मुरादाबाद। दूसरे चरण में टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। बीमारी की पाबंदी हटने पर 45 वर्ष से अधिक आयु वाले सवा तीन हजार लोगों ने शुक्रवार को कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। टीकाकरण में इनकी भागीदारी 61.40 प्रतिशत रही। इसके अलावा 1989 बुजुर्गों, 22 स्वास्थ्य कर्मियों और 47 फ्रंट लाइन वर्करों ने भी टीका लगवया।
एक अप्रैल से 45 वर्ष या इससे अधिक आयु के हर किसी को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा रहा है। दूसरे शुक्रवार को जिले के 74 केंद्रों पर टीकाकरण के सत्र आयोजित किए गए। इसमें 55 सरकारी और 19 निजी अस्पताल शामिल रहे। जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। यहां 45 पार और बुजुर्गों की खासी भीड़ लगी रही। जिले के 74 केंद्रों पर 5332 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इसमें 61.40 फीसदी 45 वर्ष से अधिक आयु वाले शामिल रहे, जबकि बुजुर्गों की भागीदारी 37.30 फीसदी रही। वहीं 67 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। अभी तक 60 वर्ष और उससे अधिक के बुजुर्गों और 45 से ऊपर के ऐसे लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था जो किसी रोग से ग्रसित थे। लेकिन अब 45 पार हर किसी को टीका लगाया जा रहा है। इससे टीकाकरण में वृद्धि हुई है।
बढ़ी भीड़ तो बना दिए टीकाकरण दो कक्ष
मुरादाबाद। जिला अस्पताल में टीकाकरण के लिए लोगों की खासी भीड़ देखने को मिली। भीड़ बढ़ने पर केंद्र में टीकाकरण के लिए एक और कक्ष बना दिए गए। यहां दो कक्षों में टीका लगाया गया। दोनों कक्षों में 274 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया।
पहली बार लगे सर्वाधिक 5332 टीके
मुरादाबाद। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण चल रहा है, लेकिन शुक्रवार को सबसे अधिक 5332 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। ये जिले में अब तक का सर्वाधिक टीकाकरण है।
टीकाकरण बढ़ाने को क्लब-संगठनों से विभाग करेगा संपर्क
मुरादाबाद। जिले में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए सेहत महकमे ने रूपरेखा तैयार की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रोटरी क्लब, लायंस क्लब, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से संपर्क करेगी।