मुरादाबाद। चुनाव के साथ मौसम की गर्मी में प्रत्याशी तपने लगे हैं। सुबह आंख खुलने से लेकर देर रात सोने तक चुनावी भागदौड़ ने प्रत्याशियों का रूटीन बदल दिया है। नाश्ता करने से लेकर रात के खाने का कोई टाइम निर्धारित नहीं है। डाक्टरों की सलाह पर प्रत्याशियों को अपना डाइट चार्ट बदलना पड़ा है। इमरान प्रतापगढ़ी का पांच किलो वजन गिर गया है। सर्वेश कुंवर रोजाना 25 लीटर पानी गटक रहे हैं। गर्मी और भागदौड़ में नींबू और नारियल पानी सबसे बड़ा सहारा बना है। कोल्ड ड्रिक से प्यास बुझाने में कतरा रहे हैं। इससे गला खराब होने का डर बना है। फाइबर और विटामिन के साथ हल्का भोजन ले रहे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेंद्र सिंह कहते हैं, मौसम बदल रहा है। धूप में अधिक घूमने और अनियमित दिनचर्या से सेहत खराब होने का खतरा अधिक रहता है। प्रत्याशियों के लिए खानपान के प्रति ध्यान देने की अधिक जरूरत है। तला भूना और मसालेदार खाने से दूर रहने के साथ दिनभर की दौड़भाग में शरीर प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए दलिया, हरी सब्जियां, दाल, फल लेने की जरूरत है।
- जनसंपर्क में सेहत तो दूर समय का पता नहीं चल रहा है। लोगों से मिलने और जनसभाओं में ही दिन गुजर रहा है। जनसंपर्क में किसी के घर सुबह का नाश्ता तो किसी के घर रात का खाना हो रहा है। दिन के खाने की याद ही नहीं हो रही है। चिकित्सकों ने सेहत के प्रति सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वजन 86 किलोग्राम आ गया है। पहले 91 किलोग्राम था। प्रोटीन, विटामिन और फाइबर युक्त खाना संभव नहीं हो पा रहा है। शरीर में पानी की कमी दूर करने के लिए नींबू पानी के साथ ककड़ी खा रहा हूं। - इमरान प्रतापगढ़ी, कांग्रेस प्रत्याशी
- भागदौड़ बढ़ी जरूर है, लेकिन सेहत दुरुस्त है। जनसंपर्क और सभाओं से दिनचर्या बदल गई है। पहले दोपहर में डेढ़ बजे खाना होता था, अब सुबह नाश्ते के साथ ही 10 बजे खाना खाकर जनसंपर्क में जुटना पड़ रहा है। पहले रात 10 बजे घर आता था, अब कोई टाइम नहीं है। कभी कभी तो रात दो बज रहे हैं। जनसंपर्क में जो मिल रहा है उसी से भूख मिट रही है। बाकी पानी घर से साथ लेना पड़ रहा है। रोजाना 20 लीटर पानी और पांच लीटर नारियल का पानी पी रहा हूं। बाकी दिनचर्या बदलने से दवा लेने का रुटीन भी बदल गया है। - कुंवर सर्वेश सिंह, भाजपा प्रत्याशी
- पूरी दिनचर्या बदल गई है। सुबह जागने, दिनभर भागने और सोने का कोई निर्धारित टाइम नहीं रहा है। झेलना शरीर को ही है। करीब तीन किलो वजन गिरा है। गर्मी में जनसंपर्क में जो मिल रहा है उसी से पेट भर रहा है। जब समय मिल रहा है फल खाकर भूख मिट रही है। बाकी मल्टी विटामिन एवं मिनरल सप्लीमेंट लेकर भागदौड़ हो रही है। नींद पूरी नहीं होने और गर्मी में दिनभर जनसंपर्क से सिर दर्द की शिकायत होने पर दर्द निवारक दवा लेनी पड रही है। पानी अधिक से अधिक पानी पीकर दौड़ भाग हो रही है। - डा. एसटी हसन, गठबंधन प्रत्याशी