मुरादाबाद। हाउस टैक्स वसूली में पिछड़ने से नगर निगम को किरकिरी झेलनी पड़ रही है। शनिवार को पीलीकोठी स्थित नगर निगम कैंप कार्यालय में नगर आयुक्त संजय चौहान ने टैक्स विभाग के अफसरों के साथ कलेक्शन की समीक्षा की। सामने आया कि पिछले साल मार्च के महीने में करीब पौने चार करोड़ रुपये निगम के खजाने में जमा हुए थे। लेकिन इस दफा सिर्फ 68 लाख रुपये ही निगम को मिल सके हैं। इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए 25 मार्च तक का अल्टीमेटम जारी किया है। नगर आयुक्त के मुताबिक काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
शनिवार को नगर आयुक्त संजय चौहान, सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह ने टैक्स विभाग के अफसरों के साथ मीटिंग की। दरअसल, पिछली कार्यकारिणी में हाउस टैक्स के 11 करोड़ रुपये के बकाये के चलते फजीहत हुई थी। मेयर विनोद अग्रवाल ने शासन को चिट्ठी लिखने तक की बात कह दी थी। अब करोड़ों रुपये के बकाया हाउस टैक्स वसूली के लिए महज कुछ दिनों का समय बचा है। शनिवार को जब वसूली अभियान की समीक्षा शुरू हुई तो सिर्फ 68 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई। इसपर नगर आयुक्त ने साफ कह दिया कि परफार्मेंश नहीं देने वाले पर गाज गिरनी तय है। इस बैठक में कर अधीक्षक विनोद बिहारी वर्मा, राजीव लोचन पाठक, साहब सिंह, मंगल सिंह पापड़ा मौजूद थे। उनके साथ राजस्व निरीक्षक सीतश कुमार, उपेंद्र कुमार, मो. अजीम, मयंक चौधरी, उमेश कुमार, राजेंद्र कुमार, अभिनव, सचिव सक्सेना समेत स्टाफ मौजूद रहा।