बिलारी। स्थानीय तहसील सभागार में संयुक्त समन्वय बैठक में बृहस्पतिवार को स्वच्छता, शौचालय और पौधरोपण अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में एसडीएम रामप्रकाश ने कहा कि सभी विभाग संयुक्त रूप से सहयोग करते हुए अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी स्कूल, सरकारी अस्पताल, हाट बाजार और धार्मिक स्थल आदि पर शौचालयों की उपलब्धता और उपयोग अवश्य रहे। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा करकट तथा गांव के रास्तों पर जलभराव की समस्या को दूर करते हुए साफ सफाई रखी जाए। एसडीएम ने कहा कि ग्राम पंचायतों की बैठक में सफाई को लेकर व्यापक विचार विमर्श कर तरल अवशिष्ट के निस्तारण के लिए कार्य योजना भी बने।
तहसीलदार राजेश कुमार ने कहा कि 25 अगस्त तक वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। उससे पहले जन सामान्य को स्वच्छ भारत स्वास्थ्य मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय बनवाने हेतु जागरूक किया जाए। पौधरोपण के कार्य का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए और प्लास्टिक के प्रतिबंध में जन सामान्य का भी सहयोग लिया जाए। जिन अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है वह 10-10 गांव में लक्ष्य बनाकर खुली बैठकें बुलाकर शासन की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताएं। बैठक में अनेक ग्राम प्रधान, राशन कोटेदार, ग्राम पंचायत सचिव, स्कूलों के शिक्षक, एएनएम, स्वच्छागृही आदि रहे।