एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन विद्यार्थियों की परेशानी सुलझने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को सैकड़ों विद्यार्थी सीट लॉक करवाने के लिए पहुंचे, लेकिन ओटीपी के लिए साइट न खुलने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। प्राचार्यों का कहना है कि विश्वविद्यालय ने तकनीकी की परेशानी बताई है।
16 अप्रैल से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी। साढ़े तीन महीने में अभी तक प्रवेश निपटने का नाम नहीं ले रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओर से बार-बार वेबसाइट को बंद करने की वजह से विद्यार्थी और शिक्षक उलझ रहे हैं। नए पंजीकरण वाले विद्यार्थियों को 23 से 26 जुलाई तक प्रवेश का समय मिला था, लेकिन सोमवार दिनभर साइट बंद रहने से विद्यार्थियों को अब सिर्फ तीन दिन का समय मिलेगा।
सिर्फ वाणिज्य व अंग्रेजी में ही सीट भरी
हिंदू कालेज में एमए के वाणिज्य और अंग्रेजी विषय को छोड़कर सभी में सीट खाली हैं। विश्वविद्यालय के निर्देश पर 21 जुलाई तक कालेजों को पंजीकरण के फार्म जमा करने थे। हिंदू कालेज ने शनिवार शाम छह बजे तक फार्म जमा किए थे। रविवार को अवकाश था। शिक्षकों ने बताया कि सोमवार को सत्यापन का समय देना चाहिए था, लेकिन वेबसाइट बंद होने की वजह से परास्नातक के करीब तीन सौ विद्यार्थियों का प्रवेश फंस गया है। सत्यापन न होने की वजह से अब इन बच्चों को मेरिट सूची में शामिल नहीं किया जा सकता है। इसकी वजह से फिर से सीटें रिक्त रहने का संकट बढ़ गया है।
एलएलबी के प्रवेश आज से
केजीके कालेज में एलएलबी के प्रवेश के लिए सोमवार को मेरिट जारी कर दी गई है। संयोजक प्रवेश समिति डॉ. सुकृति त्यागी ने बताया कि सभी प्रवेश तीन दिन में होंगे। इस दौरान यदि कोई छात्र नहीं आता है तो उसकी सीट को रिक्त मानकर अन्य को प्रवेश दे दिया जाएगा। प्रवेश के लिए छात्रों को प्रवेश फार्म की दो प्रतियां मूल रूप में, पंजीकरण फार्म की प्रति, शैक्षिक अंकपत्र की छायाप्रति व मूल प्रति की एक कापी व अन्य लाभ लेने के लिए प्रमाण पत्र लाना जरूरी है।
मेरिट सूची
सामान्य (सभी) 64.96 फीसदी
सामान्य (छात्राएं) 60.80 फीसदी
ओबीसी (सभी) 58.09 फीसदी
ओबीसी (छात्राएं) 56.1 फीसदी
एससी (सभी) 55.89 फीसदी
एससी (छात्राएं) 50.75 फीसदी
वर्जन...
विश्वविद्यालय ने सोमवार को दस बजे मेरिट प्रदर्शित करने को कहा था, लेकिन तीन सौ फार्म का सत्यापन नहीं हो सका। विवि अधिकारियों से सत्यापन के लिए वेबसाइट खोलने का आग्रह किया है, अब उनके निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
डॉ. आरके बंसल, प्राचार्य, हिंदू कालेज।