महानगर की एक सड़क को बनवाने के लिए दो विभाग आमने-सामने हैं। नगर निगम और पीडब्लूडी दोनों विभागों ने सड़क बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसका खुलासा सोमवार को हुई उद्योग बंधु की बैठक में तब हुआ, जब दोनों विभागों के अधिकारी अपना रिकार्ड लेकर प्रस्तुत हुए। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने दोनों विभागों के अधिकारियों को ज्वाइंट सर्वे करने के आदेश दिए थे। उसके बाद पता चला कि दोनों विभाग एक ही सड़क का टेंडर कर रहे थे।
उद्योग बंधु की बैठक में पंडित नगला बाईपास सड़क के जर्जर होने का मामला पिछले महीने उठाया गया था। डीएम ने इसका निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने के आदेश दिए थे। उसके बाद नगर निगम ने 22 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर टेंडर निकालने की तारीख तय कर दी थी। सोमवार को उद्योग बंधु की बैठक में निगम के अधिकारियों ने इसको प्रस्तुत किया। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी ने देहरा रोड की सड़क का टेंडर जारी होने की जानकारी दी। डीएम ने संयुक्त सर्वे में पाया गया कि दोनो विभाग एक ही सड़क को बनवाने की तैयारी में हैं। निर्माण विभाग के एक्सईएन आशीष शुक्ला ने बताया कि पीडब्ल्यूडी का टेंडर जारी हो गया है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी ही अब सड़क को बनवाएगा। हमने अपना टेंडर खुलने से पहले ही वापस ले लिया है।