मुरादाबाद। पुलिस ट्रेनिंग कालेज (पीटीसी) में पिछले डेढ़ माह से हैड कांस्टेबल से पदोन्नति पाए दरोगाओं के बैच का प्रशिक्षण चल रहा है। सोमवार शाम 64 ट्रेनी दरोगाओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पीटीसी के अफसरों से बातचीत करने के बाद सभी पॉजिटिव पुलिस कर्मियों को एंबुलेंस से कोविड केयर सेंटर ले जाकर भर्ती करा दिया। इनके संपर्क में आने वाले अन्य ट्रेनी दरोगा और स्टाफ की सूची भी बनाई जा रही है। ताकी सभी की टेस्टिंग कराई जा सके।
पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल से उप निरीक्षक के लिए प्रमोशन पाने वाले पुलिस कर्मियों का बैच डेढ़ माह पहले पुलिस ट्रेनिंग कालेज (पीटीसी) में पहुुंचा था। यूपी के अलग-अलग जनपदों के 400 पुलिस कर्मियों ने यहां आमद कराई थी। जिनकी आउडटडोर और इंडोर की ट्रेनिंग चल रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ प्रशिक्षुओं ने खांसी, जुकाम और अन्य दिक्कत होने की जानकारी अफसरों को दी। तब अफसरों ने इनकी कोरोना जांच कराने का निर्णय लिया। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से संपर्क किया गया। सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम पीटीसी में पहुंची और कैंप लगाकर 130 पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए। सोमवार शाम रिपोर्ट आने पर पता चला कि 64 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
---------
पीटीसी में पदोन्नत दरोगा के बैच की ट्रेनिंग चल रही है। सोमवार को एहतियातन ट्रेनिंग दरोगाओं की टेस्टिंग कराई थी। जिसमें 64 पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी को कोविड केयर सेंटर ले गई है। ट्रेनिंग करने वाले सभी प्रशिक्षु और स्टाफ और अधिकारियों की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा पूरे पीटीसी को सैनिटाइज कराया जाएगा। मुख्यालय को इसकी सूचना भेज दी गई है। मुख्यालय के निर्देश पर भी आगे की ट्रेनिंग पर निर्णय लिया जाएगा।
- ब्रजराज मीणा, एडीजी पीटीसी मुरादाबाद।
बैरकें सील, गेट पर बढ़ाई सुरक्षा
मुरादाबाद। पीटीसी में 64 ट्रेनी दरोगा के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इनकी बैरकों को सील करवा दिया गया है। ताकी कोई पुलिस कर्मी इनके बैरक तक न पहुंच पाए। इसके अलावा गेट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। बाकी ट्रेनी दरोगा भी जांच होने तक बाहर नहीं जा सकेंगे।
पीटीसी को कराया जाएगा सैनिटाइज
मुरादाबाद। एडीजी ब्रजराज मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह से पीटीसी में सैनिटाइज का कार्य किया जाएगा। मैदान, बैरक, आवास, कार्यालय सभी कोे सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही अन्य ट्रेनी दरोगा स्टाफ और कर्मचारियों से कहा गया है कि वह खुद भी सावधानी बरतें। मास्क लगाकर रहें और हाथों को सैनिटाइज करें।
किसी एक संस्थान में इतनी बड़ी संख्या में पहली बार मिले कोरोना पॉजिटिव
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। मुरादाबाद में पहली बार किसी एक संस्थान में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिससे पीटीसी के अलावा डा. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी, पीटीएस, नौवीं पीएसी, 23वीं और 24वीं वाहिनी पीएसी में भी अफसर और पुलिस कर्मियों में बेचैनी बढ़ गई है। इन संस्थानों में भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, अधिकारियों के ट्रेनिंग बैच चल रहे हैं। पुलिस लाइन में आरक्षी सिपाहियों का बैच चल रहा है। जिनकी ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। फाइनल परीक्षाएं भी अंतिम दौर में है। इसी सप्ताह पासिंग आउट परेड होनी संभावित है। पीटीएस में भी आरक्षी के बैच की ट्रेनिंग चल रही है।