मुरादाबाद। पिछले तीन दिन में इस सीजन की करीब 40 फीसदी के करीब बारिश हो चुकी है। इस सीजन में मंगलवार तक कुल 535.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसमें रविवार से मंगलवार तक 211.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को बादल छाने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। सोमवार देर रात एक बजे शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर तीन बजे तक होती रही। कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर हुई बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया। सुबह बच्चे भी भीगते हुए स्कूल पहुंचे और छुट्टी के समय भी बारिश होने की वजह से अभिभावकों को अपने बच्चों को घर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर बारिश और बादल होने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सोमवार रात से मंगलवार सुबह आठ बजे तक 79 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि मंगलवार दोपहर एक बजे तक 6.4 मिली मीटर बारिश हुई।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के मौसम प्रभारी निसार अहमद का कहना है कि रात में 99.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि दिन में 6.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वातावरण में सुबह नमी 98 फीसदी थी, जो शाम को 93 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति सुबह पूरब से पश्चिम दिशा में तीन से पांच किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि शाम को पश्चिम से पूरब दिशा में पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। निसार अहमद का कहना है कि बुधवार को बादल छाने के अलावा गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
00
जिले में पिछले 24 घंटे में 289.5 मिमी बरसे बादल
मुरादाबाद जिले में पिछले 24 घंटे में 289.05 मिलीमीटर बारिश हुई है। एक अगस्त से अब तक जिले में 663.05 मिमी बारिश हो चुकी है। जुलाई में 954 मिलीमीटर बारिश हुई है। पिछले वर्ष जिले में 2202.45 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
00
जून में 53.8 मिलीमीटर
जुलाई में 249 मिलीमीटर
अगस्त में 232.8 मिलीमीटर
00
30 जुलाई से पांच अगस्त तक की बारिश
30 जुलाई - 58.4 मिलीमीटर
31 जुलाई - 9.2 मिलीमीटर
एक अगस्त - 20.4 मिलीमीटर
दो अगस्त - एक मिलीमीटर
तीन अगस्त - 1.4 मिलीमीटर
चार अगस्त - 104 मिलीमीटर
पांच अगस्त - 106 मिलीमीटर