मुरादाबाद। बिजली विभाग के रिटायर्ड एसडीओ समेत चार कोरोना संक्रमित की टीएमयू में मौत हो गई। इनमें से एक मृतक अमरोहा और चंदौसी का रहने वाला था। बुधवार को रैपिड एंटीजन, आरटीपीसीआर और निजी लैब से 60 नए पॉजिटिव मरीज भी मिले हैं। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2757 और मृतकों का आंकड़ा 70 पहुंच गया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि मझोला लाइनपार निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग की टीएमयू में मौत हो गई। बुजुर्ग बिजली विभाग से एसडीओ के पद से रिटायर्ड हुए थे। बुधवार दोपहर अचानक तबीयत खराब होने पर रिटायर्ड एसडीओ को दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वो हार्ट के मरीज थे। ऑक्सीजन लेवल 60 पहुंचने पर निजी अस्पताल में उनकी कोविड 19 रैपिड एंटीजन जांच कराई। जांच में पॉजिटिव आने पर रिटायर्ड एसडीओ को रात सवा दस बजे टीएमयू रेफर कर दिया गया। टीएमयू में देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। लाजपत नगर कटघर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग की भी बुधवार की रात को टीएमयू में मौत हो गई। बुजुर्ग 10 दिन से कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनके फेफड़ों में संक्रमण हो गया था। कोरोना जांच में पॉजिटिव आने पर बुधवार शाम साढ़े पांच बजे बुजुर्ग को टीएमयू रेफर किया गया। उनकी भी देर रात को मौत हो गई। बुजुर्ग के बेटे की पैकिंग मैटेरियल की दुकान है। बेटे ने बताया कि उसके पिता को शुगर और उच्च रक्तचाप की भी शिकायत थी।
फव्वारा चौक चंदौसी निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग ने भी बुधवार की रात को दो बजे टीएमयू में आखिरी सांस ली। कोरोना संक्रमित आने के बाद बुजुर्ग को चार अगस्त को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। अमरोहा निवासी 65 वर्षीय महिला की भी बुधवार रात टीएमयू में मौत हो गई। महिला को भी चार अगस्त को भर्ती कराया गया था।
सीएमओ ने बताया कि बुधवार को 60 नए संक्रमित मरीज भी मिले हैं। इनमें 32 मरीज एनआईसीपीआर लैब नोएडा से पॉजिटिव हैं। नोएडा की रिपोर्ट से आए मरीजों में दौलतपुर निवासी 10 साल का बच्चा, चाऊ की बस्ती निवासी सात साल का बच्चा भी शामिल है। एक्साइज कार्यालय से तीन कर्मी, पीडब्ल्यूडी कार्यालय से एक कर्मचारी पॉजिटिव आया है। प्रकाश नगर से दो, कुंदरकी, आजाद नगर, पंडित नगला, आशियाना, टीडीआई सिटी और बुद्धि विहार से भी मरीज मिले हैं। एसआरएल से तीन, लाल पैथ से तीन और जिला अस्पताल से एक मरीज मिला है। सीएमओ ने बताया कि बुधवार को रैपिड एंटीजन से 21 मरीज मिले हैं। इनमें 16 मरीज शहरी क्षेत्र और पांच मरीज देहात से हैं। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि बिना लक्षणों वाले मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।