मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण काल में जमीन, मकान और दुकान के बैनामा महंगा हो गया है। तीन साल बाद एक बार फिर सर्किल रेट में वृद्धि की गई है। नया मुरादाबाद का सर्किल रेट सबसे अधिक बढ़ाया गया है। यहां सर्किल रेट में 39 फीसदी का उछाल आ गया है।
सोमवार को नया सर्किल रेट लागू कर दिया गया है। आवासीय और व्यवसायिक क्षेत्रों की जमीन के सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। आवासीय क्षेत्र में सर्किल रेट दस से बीस फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं व्यवसायिक क्षेत्र में ये वृद्धि 15 से 25 फीसदी है। नया मुरादाबाद में 2019 में छह मीटर चौड़े रास्ते पर सर्किल रेट 14000 रुपये प्रति वर्ग मीटर था। नए सर्किल रेट में ये बढ़कर अब 23000 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गया है। 9000 रुपये की वृद्धि से सर्किल रेट में 39 फीसदी का उछाल आ गया है। इस उछाल के साथ नया मुरादाबाद का सर्किल रेट शहर के कई वीआईपी कॉलोनियों के पास पहुंच गया है। वहीं छह मीटर चौड़े रास्ते पर सबसे कम सर्किल रेट नगला वनवीर का है। यहां का सर्किल रेट 3000 रुपये है। वहीं एरिया के हिसाब से शहर में गुरहट्टी चौराहे से पीलीकोठी तक की जमीन सबसे महंगी हो गई है। गुरहट्टी चौराहे से पीलीकोठी चौराहे तक सर्किल रेट सबसे अधिक 92000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। वहीं सबसे कम सर्किल रेट वाले इलाकों में मोरा मुस्तहकम और अग्रसेन नगर शामिल हैं। यहां सर्किल रेट 14000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है।