मुरादाबाद। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से दूसरे दिन भी 37 ट्रेनी दरोगा समेत कुल 64 संक्रमित मरीज मिले हैं। 42 पॉजिटिव रैपिड एंटीजन और 22 आरटीपीसीआर लैब ग्रेटर नोएडा से पॉजिटिव आए हैं। संक्रमितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती और होम आइसोलेट कर दिया है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2697 पहुंच गई है।
एसीएमओ डा. जीएस मर्तोलिया ने बताया कि बुधवार को 493 लोगों की रैपिड एंटीजन टेस्टिंग की गई। इनमें 42 पॉजिटिव और 451 निगेटिव आए हैं। रैपिड एंटीजन में सर्वाधिक 37 संक्रमित हरथला जोन के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से ट्रेनी दरोगा मिले हैं। जोन प्रभारी डा. ऋचा लोचब ने बताया कि पीटीएस में 175 लोगों के सैंपल लिए गए। लगातार दो दिन में 80 ट्रेनी दरोगाओं के संक्रमित आने से हड़कंप मचा है। बंगला गांव, टाउन हॉल से दो-दो और पीतल बस्ती से भी एक संक्रमित मरीज मिला है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि जीआईएमएस आरटीपीसीआर लैब ग्रेटर नोएडा से 457 लोगों की सैंपल रिपोर्ट जारी हुई है। इनमें 380 निगेटिव और 22 पॉजिटिव मरीज आए हैं। दो सैंपल रिजेक्ट और बाकी प्रतीक्षारत हैं। सीएमओ ने बताया कि पॉजिटिव मरीजों में नूपुर निवासी 14 साल का किशोर और 22 वर्षीय युवक संक्रमित हैं। बाकी मरीज फरीदपुर कुंदरकी से चार लोग, चाऊ की बस्ती, लाइनपार, आवास विकास और पीतल नगरी क्षेत्र निवासी हैं।