पीएमएस पब्लिक स्कूल में सीबीएसई 10वीं के परिणाम आने पर खुशी मनाते छात्र।
मुरादाबाद। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में मुरादाबाद के मेधावी विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश में परचम लहराया है। मुरादाबाद के आर्यन गुप्ता ने जिला टॉप करने के साथ देहरादूर रीजन से जुड़े उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में दूसरी रैंक हासिल की है। देहरादून रीजन की मेरिट में उत्तर प्रदेश के 111 विद्यार्थियों में मुरादाबाद के 35 छात्र एवं छात्राओं ने टॉप टेन में जगह बनाई है।
मुरादाबाद जिले के 54 स्कूलों में पंजीकृत 5700 बच्चों ने 12 सेंटरों पर परीक्षा दी। बुधवार को परिणाम घोषित होने के साथ मुरादाबाद का डंका प्रदेश के साथ देहरादून रीजन में बजा। प्रदेश की टॉप टेन सूची में 111 मेधावी विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। इनमें मुरादाबाद के 35 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें पीएमएस के आर्यन गुप्ता ने 496 अंकों के साथ प्रदेश में दूसरी और जिले में पहली रैंक हासिल की है। सेंट मैरी की पावनी सिंघल और एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी के कुमार सोहन ने प्रदेश मेरिट में तीसरी रैंक हासिल की है। प्रदेश में चौथी रैंक में मुरादाबाद के तीन, पांचवीं रैंक में सात, छठी रैंक में दो, सातवीं रैंक में तीन, आठवीं रैंक में छह, नवीं रैंक में पांच और 10वीं रैंक में छह मेधावी बच्चों ने जगह बनाई है।
जिले की टॉप टेन मेरिट में मुरादाबाद के 11 स्कूलों के 43 छात्र-छात्राएं छाए हैं। इनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल के 16 बच्चों ने मेरिट में आकर रिकार्ड बनाया है। जबकि पीएमएस और शिरडी साईं के सात-सात बच्चों ने जिले की टॉप मेरिट में स्थान प्राप्त किया है। सेंट मेरी की दो, एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी कांठ रोड और सिविल लाइन से एक-एक, बोनी ऐनी से तीन, जवाहर नवोदय विद्यालय ठाकुरद्वारा से तीन, आर्यन इंटरनेशनल स्कूल से एक, केंद्रीय विद्यालय से एक और केसीएम से एक बच्चे ने मेधावी आया है।
इंटर के बाद हाईस्कूल में भी डीपीएस का दबदबा
मुरादाबाद। सीबीएसई के 12वीं के बाद 10वीं के परीक्षाफल में दिल्ली पब्लिक स्कूल के मेधावी बच्चों ने दबदबा कायम रखा है। जिले की टॉप टेन में सर्वाधिक 16 मेधावी डीपीएस के शामिल हैं। 12वीं की परीक्षा में भी दिल्ली पब्लिक स्कूल के सात मेधावी छात्र एवं छात्राओं ने मेरिट में जगह बनाई थी। प्रधानाचार्य सुदर्शन सोनार ने कहा कि बच्चों की मेहनत और टीचरों के साथ ने सब कुछ संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अब ज्यादा अच्छी तैयारी करने की जरूरत है। कोरोना से इस साल पढ़ाई बाधित हो गई है। सत्र भले ही आनलाइन शुरू हो गया है, लेकिन बच्चों को लक्ष्य के साथ मेहनत करने की आवश्यकता है। प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र और टीचर के बीच तालमेल जरूरी होता है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।