बिलारी। करसरा गांव निवासी एक ग्रामीण की पत्नी का एटीएम कार्ड मशीन में लगाते समय वहां खड़े युवक ने बदल लिया और उसके खाते से चार बार में 33 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी है।
करसरा निवासी मोहम्मद शादाब के अनुसार वह उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का खाताधारक है। उसके नाम बैंक शाखा से जारी एटीएम को लेकर सोमवार दोपहर उसकी पत्नी नाजरीन बिलारी नगर में एक्सिस बैंक के पास लगे एटीएम से रुपये निकालने गई थी। जैसे ही नाजरीन ने मशीन में अपना एटीएम कार्ड डाला तभी वहां खड़ा एक अज्ञात युवक कहने लगा कि तुम एटीएम कार्ड उलटा करके लगा रही हो। युवक स्वयं ही उसकी पत्नी से एटीएम कार्ड ले लिया और हाथ की सफाई दिखाते हुए कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड मशीन में लगा दिया। बाद में कहने लगा तुम्हारे कार्ड में तकनीकि कमी आ गई है बैंक शाखा में जाकर ठीक कराओ।
मोहम्मद शादाब के अनुसार सोमवार शाम उसके मोबाइल पर तीन मैसेज और मंगलवार सुबह एक मैसेज आया जिससे पता चला कि उसके बैंक खाते से एटीएम के जरिए 33 हजार रुपये निकाल लिए गए। शादाब और उसकी पत्नी बुधवार दोपहर अमरपुरकाशी बैंक शाखा जाकर प्रबंधक से भी मिले। प्रबंधक ने इस मामले में जांच कर सहयोग करने का आश्वासन दिया है। शाखा प्रबंधक ने इस संबंध में बताया कि खाताधारक की पत्नी के पास मिले एटीएम की जांच कराने पर पता चला है कि यह एटीएम थाना कुंदरकी के एक गांव निवासी ग्रामीण के नाम जारी हुआ है।