बिलारी। श्रावण मास के आगामी सोमवार पर कांवड़ियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन गंभीर है। पुलिस ने इस बार कांवड़ सेवा शिविरों की व्यवस्था सही रहने और कांवड़ यात्रियों के आने के दौरान उन्हें सुविधाएं मिलने के उद्देश्य को लेकर बिलारी नगर और देहात इलाके से विभिन्न वर्गों के जिम्मेदार लोगों को कांवड़ मित्र भी बनाया गया है। शुक्रवार की अपराहन कोतवाली प्रभारी कमरूल हसन खां ने स्थानीय कोतवाली में नगर के व्यापार मंडल पदाधिकारियों के अलावा भाजपा, हिदूं जागरण मंच, सामाजिक कार्यकर्ता संगठन, ईदगाह कमेटी आदि के प्रतिनिधियों की एक बैठक भी बुलाई। बैठक में आगामी कांवड़ सेवा शिविर के आयोजन और कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि 128 जिम्मेदार लोग स्वेच्छा से कांवड़ मित्र बने हैं। खास बात यह है कि अल्पसंख्यक वर्ग के कई लोग भी कांवड़ मित्र बनने के लिए आगे आए हैं। कोतवाली प्रभारी द्वारा ऐसे सभी कांवड़ मित्रों को फोटोयुक्त परिचय पत्र वितरित कर उनकी जिम्मेदारी भी बताई गई। बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जैन, शरद चंद्र अग्रवाल, चंदन डुडेजा, दुष्यंत चौहान, आदीश कुमार जैन एडवोकेट, नरेंद्र ठाकुर, सुमित टंडन, बिजेंद्र चंद्रवंशी, जगतनारायन शर्मा, मुन्ना श्रोती आदि के अलावा भाजपा नेता डा0 विजय शर्मा, अजयपाल सिंह एडवोकेट, विनोद कुमार मिश्र, योगी निहाल सिंह, तरूण कपूर, भीष्म ठाकुर, रामनिवास शर्मा, अवनीश चौधरी, संजीव कुमार आदि ने भी विचार रखे।