गांधी नगर पब्लिक स्कूल में अभिभावकों के हंगामे के विरोध में पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) के आह्वान पर शुक्रवार को मुरादाबाद के निजी स्कूल बंद रहेंगे। गुरुवार शाम गांधी नगर स्कूल में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में तीन अगस्त को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया।
एसोसिएशन अध्यक्ष शीरीन संतराम की अध्यक्षता में गांधी नगर पब्लिक स्कूल में बैठक हुई। इसमें एसोसिएशन पदाधिकारियों के अलावा कई स्कूलों के प्रबंधक एवं प्राचार्य मौजूद रहे। एसोसिएशन ने गांधी नगर स्कूल में फीस को लेकर अभिभावकों के हंगामे का विरोध जताया। अध्यक्ष ने कहा कि अभिभावक फीस जमा नहीं करेंगे तो स्कूलों का संचालन संभव नहीं है। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी फीस जमा नहीं होती है तो स्कूल बच्चों के मासिक टेस्ट में बैठने से रोक देते हैं, ताकि अभिभावक फीस जमा कर सके। मासिक टेस्ट का बच्चे के सालाना परीक्षाफल पर किसी तरह का असर नहीं होता है। अध्यक्ष ने कहा कि गांधी पब्लिक स्कूल ने ऐसे ही कुछ बच्चों को मासिक परीक्षा देने से रोका तो अभिभावकों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। जिससे पुलिस को दखल देना पड़ा। एसोसिएशन एवं स्कूल प्रबंधकों ने गांधी नगर स्कूल की घटना के विरोध में शुक्रवार को एक दिन स्कूल बंद रखने का फैसला लिया। अध्यक्ष ने स्कूल एक दिन बंद रखने की घोषणा की। बैठक में नीरज गुप्ता, श्री कुमार, विनोद कुमार, सुरेंद्र समेत कई स्कूलों के प्रबंधक मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधकों की ओर से अभिभावकों को तीन अगस्त को स्कूल बंद का मैसेज जारी कर दिया है।