बिलारी। सावन मास शुरू होते ही सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिरों पर जलाभिषेक और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सीओ ने चारों थानों के दारोगाआें की संयुक्त बैठक लेकर निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर सक्रिय रहने और कांवड़ियों की पूर्ण सुरक्षा के निर्देश दिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर सिंह ने रविवार की शाम कोतवाली बिलारी में सर्किल के चारों थानों बिलारी, मैनाठेर, कुंदरकी और हजरतनगर गढ़ी के प्रभारियों और दारोगाओं के साथ बैठक की। बैठक में सीओ ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को लेकर अलग अलग थाना क्षेत्रवार पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सर्किल के चारों थाना क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्ग चिन्हित करते हुए कांवड़ सेवाकेंद्र भी तय कर दिए गए हैं। जिस पुलिसकर्मी की जहां ड्यूटी लगाते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे पूरा करना है। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में कांवड़ मित्र बनाने का काम पूरा कर लें और कांवड़ियों के जत्थों के बारे में पूरी सूचना दर्ज करें।
सीओ ने कहा कि कोतवाली बिलारी और थाना कुंदरकी क्षेत्र में हाईवे पर कुंदरकी थाने की उत्तरी सीमा से लेकर बिलारी थाने की दक्षिणी सीमा तक कांवड़ सेवा केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। बैठक में कोतवाली बिलारी के प्रभारी कमरूल हसन खां, कोतवाली मैनाठेर के प्रभारी अजयपाल सिंह, थाना कुंदरकी के प्रभारी संजय धीर, थाना हजरतनगर गढ़ी के प्रभारी नीरज शर्मा आदि समेत चारों थानों के सभी दारोगा मौजूद रहे।