छह माह बाद कोरोना संक्रमण का केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग व्यवस्थाएं बनाने में जुटा है। इसी के तहत जांच भी शुरू कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार को सभी 31 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव है। हालांकि जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। चिकित्सक, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई हैं। एमसीएच विंग 35 बेड हैं। ऑक्सीजन प्लांट को भी चलाकर देखा है, ताकि समय पर ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सके। एमसीएच विंग के ऑक्सीजन प्लांट और जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से 35 बेड को जोड़ दिया गया है। इसके अलावा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी हैं। पर्याप्त मात्रा में दवा है। जिला अस्पताल के अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है, ताकि जरूरत होने पर तुरंत उपचार शुरू हो सके।
नए साल पर बरतें सतर्कता
डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जब तक बहुत ज्यादा जरूरी न हो तो भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। नए साल को मनाने के लिए लोग बाहर घूमने के लिए जाते हैं तो उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनकर ही जाएं। सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल करें। गुनगुना पानी पीएं। साफ-सफाई पर खास ध्यान दें।