कांठ। युवकों ने एक युवती का एटीएम कार्ड बदलकर उसके बैंक खाते से 29000 रुपये निकाल लिए। इस मामले में पीड़िता ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने एटीएम केबिन और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
कांठ नगर के मोहल्ला पृथ्वीगंज निवासी ओमकार शर्मा की पुत्री आयुषी शर्मा के अनुसार उसका खाता केनरा बैंक की हरिद्वार शिवालिक नगर शाखा में है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद वह कांठ नगर स्थित केनरा बैंक की शाखा के एटीएम से रुपये निकालने और अपने नए एटीएम कार्ड का पिन बनाने के लिए भाई के साथ गई थी। पीड़िता के अनुसार एटीएम केबिन में पहले से एक युवक खड़ा था, जिसे वह भूलवश गार्ड समझ बैठी।
इसी दौरान केबिन में दो अन्य युवक भी आए गए। इन्होंने आयुषी को बातों में उलझाकर धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और चले गए। कुछ देर के बाद उसके पास खाते से 29000 रुपये निकलने का मैसेज आया। उसने इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों से भी की। बताया गया है कि एटीएम कार्ड बदलने वाले युवक कैमरे में भी कैद हो गए हैं। लेकिन शाम तक भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया था।