गलशहीद से 260 क्विंटल पॉलिथीन जब्त
क्रासर :
दिल्ली से प्रतिबंधित पॉलिथीन लाकर मुरादाबाद, बरेली, चंदौसी तक होती थी आपूर्ति
संकरी गली के रिहायशी मकान को बना डाला था गोदाम, छापामारी के बाद किया सील
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। गलशहीद चौराहे के पास एक संकरी गली के रिहायशी मकान में नगर निगम की टीम ने छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन का भंडारण पकड़ा। नगर आयुक्त संजय चौहान के मुताबिक करीब 260 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई है। इसकी कीमत 30 लाख रुपये बताई गई है।
शासन की सख्ती के बाद पॉलिथीन प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए नगर निगम लगातार छापे मार रहा है। गलशहीद चौराहे के पास संकरी गली में मो. हनीफ का मकान है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे यहां कर विभाग के राजीव लोचन पाठक, साहब सिंह, मयंक चौधरी, सचिन समेत बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने छापा मारा। राकेश कुमार सोनकर के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे तक मो. हनीफ चाबी नहीं होने का बहाना करके निगम की टीम को टरकाने की कोशिश करते रहे। उन्होंने बहाना किया कि कॉसमॉस अस्पताल में रिश्तेदार भर्ती हैं। चाबी भी उन्हीं लोगों के पास है। बाद में सामने आया कि चाबी मो. हनीफ के पास ही थी। गोदाम खोला गया तो बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन अंदर मिली। दिल्ली के बाजारों से पॉलिथीन की खेप लाकर यहां भंडारण किया जा रहा था। बरेली, शाहजहांपुर और चंदौसी के बाजारों में यहीं से पॉलिथीन की आपूर्ति दी जा रही थी। एसीएम मनोज कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर की मौजूदगी में गोदामों को सील करने और एक लाख रुपये के जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई।
एक गोदाम खुलने के बाद अंदर चार और मिले
एक गोदाम खुलने के बाद सामने आया कि उसके अंदर ही अंदर चार और गोदाम बने हुए हैं। एसीएम की मौजूदगी में इनके ताले भी तुड़वाए गए। यहां से भी पॉलिथीन का भंडारण मिला। देर रात तक निगम की कार्रवाई जारी रही।
वर्जन
गलशहीद में प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ा प्रतिबंधित पॉलिथीन का भंडारण पकड़ा गया है। शासन को कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी गई है।
- संजय चौहान, नगर आयुक्त।