देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामले
- फोटो : iStock
मंगलवार को कोरोना के 26 नए पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें संक्रमित बुजुर्ग की तीन दिन पहले मौत हो चुकी है। नए संक्रमितों में किर्गिस्तान से लौटा एमबीबीएस का छात्र, तीन सगे भाई-बहन और दादा के अलावा पोता एवं पोती भी शामिल हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1054 और मृतकों की 45 पहुंच गई हैं। वहीं, बिना लक्षणों वाले कई मरीजों ने होम आइसोलेशन का आवेदन किया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि मानसरोवर कालोनी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की 18 जुलाई को निजी अस्पताल में मौत हो गई। बुजुर्ग को सांस की बीमारी थी और 17 जुलाई को भर्ती कराया गया था। डाक्टरों ने कोरोना आशंकित मानकर उसका सैंपल कराया था, जो कि पॉजिटिव आया है। सीएमओ ने बताया कि संक्रमित मरीजों में बंगला गांव निवासी सगे तीन भाई-बहन पॉजिटिव आए हैं।
इनमें आठ और 12 साल के किशोर और 11 साल की किशोरी हैं। पांच दिन पहले इनके पिता संक्रमित आए थे। बंगला गांव में क्लीनिक चलाने वाला 40 साल का डाक्टर भी पॉजिटिव है। डाक्टर ने रैंडम सैंपल कराया था। बुद्धि विहार निवासी 64 साल का बुजुर्ग और उसकी 11 साल की पोती व 13 साल की पोती भी संक्रमित आई है। चार दिन पहले ही बुजुर्ग का बेटा पॉजिटिव आया था।
टीएमयू का 24 साल का कर्मचारी और पंचायती मंदिर नवाबपुरा निवासी 50 साल की महिला भी संक्रमित आई है। एसबीआई से रिटायर्ड प्रकाश नगर निवासी 60 साल के बुजुर्ग, पंजाब नेशनल बैंक में 30 वर्षीय महिला कर्मी संक्रमित आई है। किर्गिस्तान से 13 जुलाई को लौटा एमबीबीएस का छात्र, कांठ रोड स्थित रेडीमेट गारमेंट की दुकान में काम करने वाला नवीन नगर निवासी 31 साल का युवक भी पॉजिटिव है। मूंढपांडे निवासी 27 साल की महिला और नागफफनी निवासी 48 साल की महिला भी पाजॅटिव है। मूंढपांडे निवासी महिला का पति पहले से संक्रमित है।