सांसद आजम खां, पूर्व सीओ आलेहसन खां और तत्कालीन एसओ कुशलवीर सिंह के खिलाफ शनिवार को आलियागंज के किसान की जमीन जबरन कब्जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब तक जमीन कब्जाने के मामले में 27 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
ग्राम मझरा आलियागंज के 26 किसानों ने अजीमनगर थाने में तहरीर दी है कि सांसद आजम खां ने सपा की सरकार के समय जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया था। बैनामा नहीं कराने पर तत्कालीन सीओ आलेहसन ने उन्हें अजीमनगर थाने में बंद कर दिया और झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी थी। इसके बाद जमीन को जौहर यूनिवर्सिटी में मिला लिया गया। इसकी चहारदीवारी भी करा दी गई। ग्रामीणों ने अपनी जमीन पर जाने का प्रयास किया तो उन्हें डरा धमकाकर भगा दिया।
पुलिस ने असरार की तहरीर पर सांसद आजम खां और पूर्व सीओ आलेहसन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तत्कालीन थाना प्रभारी कुशलवीर सिंह के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन पर भी ग्रामीणों को धमकाने, गलत तरीके से थाने में बंद करने और प्रताड़ित करने के आरोप है। अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। सांसद आजम खां और पूर्व सीओ आलेहसन पर आलियागंज की जमीन प्रकरण में अब तक 27 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।