ठगों ने मदद करने का झांसा देकर ग्रामीण का डेबिट कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आया तो इसकी जानकारी हो पाई। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत कर रकम वापस कराने की मांग की है।
छजलैट के फतेहपुर विश्नोई निवासी अख्तर ने बताया कि 28 अक्तूबर को उसका बेटा अजहरुद्दीन मेरा डेबिट कार्ड लेकर अगवानपुर स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। अजहरुद्दीन रुपये निकाल रहा था। इसी दौरान वहां पहले से खड़े दो युवकों ने पिन कोड देख लिया। इसी दौरान आरोपियों ने झांसे में लेकर अजहरुद्दीन से डेबिट कार्ड बदल लिया। इसके कुछ देर बाद ही अख्तर के खाते से दो बार में 10-10 हजार रुपये और एक बार में पांच हजार रुपये निकाल लिए थे। अख्तर ने बताया कि उसने अपने बेटे से पूछताछ की तो उसने बताया कि एटीएम पर पहले से दो युवक खड़े थे। पीड़ित ने साइबर सेल में इसकी शिकायत की है।