मुरादाबाद। तीन साल पहले पाकबड़ा के पाटो वाली मिलक में साइकिल मैकेनिक के घर डकैती डालने वाले गैंग में शामिल रहे पच्चीस हजार के इनामी बदमाश डॉलर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बदमाश हरियाणा में ईंट-भट्ठे पर नाम बदलकर मजदूरी कर रहा था। एसटीएफ की टीम आरोपी को पकड़ कर मुरादाबाद ले आई है।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के पाटो वाली मिलक में करीब तीन साल पहले डकैती की घटना हुई थी। यहां छैमार गिरोह ने साइकिल मैकेनिक राजू के घर धावा बोलकर लूटपाट की थी। विरोध करने पर परिवार को लाठी-डंडों से पीटा गया था और सोने की अंगूठी निकालने के लिए मैकेनिक के बेटे की अंगुली तक काट दी गई थी। पुलिस ने 26 नवंबर 2018 की रात बदमाश सरगम उर्फ गोपा और काला को गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा किया था। जबकि इनका साथी डॉलर, दिलनशी, अलीम, शाहरुख, रिहान भाग गए थे। आरोपी डॉलर उर्फ रहमत अली निवासी डेरा ताहरपुर थाना मैनाठेर को छोड़कर सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। डॉलर पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। एसटीएफ बरेली यूनिट के निरीक्षक अजय पाल सिंह के नेतृत्व में टीम आरोपी डॉलर की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान जानकारी मिली थी पच्चीस हजार का इनामी बदमाश डॉलर हरियाणा के नुहू जनपद के सदर नुहू थानाक्षेत्र के सलम्बा गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। एसटीएफ टीम के सदस्य सादा कपड़ों में भट्ठे पर पहुंचे और उन्होंने यहां कहा कि उन्हें कुछ मजदूरों की जरूरत है वह कुछ काम शुरू कराना चाहते है। इसी दौरान अन्य मजदूरों के साथ डॉलर भी टीम के पास आ गया। इसी दौरान टीम ने आरोपी को दबोच लिया और मुरादाबाद ले आई। पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि वह हरियाणा में नाम बदलकर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि आरोपी डॉलर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम घोषित था।