मुरादाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जिले के करीब 2,54,536 किसानों के खातों में सम्मान निधि की रकम हस्तांतरित की गई। इस मौके पर कलक्ट्रेट सभागार, राजकीय कृषि बीज भंडारों, कृषि विज्ञान केंद्र बिलारी और ठाकुरद्वारा के साथ ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक मुरादाबाद मंडल प्रशांत कुमार, उप कृषि निदेशक रविकांत सिंह और जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेंद्र पाल आदि मौजूद रहे। इनके अलावा विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी, एफपीओ सदस्य और किसान शामिल हुए। वहीं ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य, कृषि सखियों, प्राकृतिक खेती करने वाले और प्रगतिशील किसानों ने भी विभिन्न केंद्रों पर प्रसारण देखा।
इस दौरान उप कृषि निदेशक रविकांत सिंह ने किसानों से अवशेष किसान रजिस्ट्री, पिछले भू-स्वामी का विवरण और वार्षिक ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की अपील की, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलने में परेशानी न हो। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, किसान संगठनों के पदाधिकारियों और किसानों का आभार जताया।