मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण का वार जेल और राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) पर हुआ है। संप्रेक्षण गृह के 17 किशोरों और जेल के 11 बंदियों समेत जिले में 217 लोग संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में महिला अस्पताल की स्टोर इंचार्ज और स्टाफ नर्स भी शामिल है। वहीं स्वस्थ होने पर 262 मरीज डिस्चार्ज कर दिए गए।
कोरोना संक्रमण का फैलाव जारी है। हर दिन नए मरीज मिल रहे हैं। इसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल है। सोमवार को सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में 217 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें सबसे अधिक केस राजकीय संप्रेक्षण गृह के शामिल हैं। यहां 17 किशोर संक्रमित पाए गए। जिला कारागार के 11 बंदियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं महिला अस्पताल की स्टोर इंचार्ज और स्टाफ नर्स भी संक्रमित मिली हैं। इसके अलावा एक सरकारी और तीन निजी डॉक्टर संक्रमित हो गए हैं। दूसरी ओर क्वारंटीन की अवधि पूरी करने पर 262 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 1811 हो गई है।
43249 लोगों ने लगवाया टीका
मुरादाबाद। जिले में सोमवार को टीकाकरण के लिए छह सौ से अधिक सत्र आयोजित किए गए। केंद्रों पर पहुंचे 43249 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इसमें दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या पचास फीसदी अधिक रही। 24253 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। वहीं 14708 लोगों ने पहली डोज लगवाई।
चुनाव कर्मियों को अब तीन माह बाद दी जाएगी एहतियाती खुराक
मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को एहतियाती खुराक में सहूलियत दी गई है। दूसरी डोज लगवाने के बाद तीन माह की अवधि पूरी करने वाले मतदान कर्मी एहतियाती खुराक ले सकते हैं, जबकि पहले नौ माह की अवधि पूरी करने वालों को एहतियाती खुराक दी जा रही थी। मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय गांधी पार्क, पुलिस लाइन और कलक्ट्रेट में एहतियाती खुराक दी जाएगी।