मुरादाबाद। भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह ने शुक्रवार को पूरे दल-बल के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले उन्होंने कंपनी बाग पर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हुजूम जुटाकर शक्ति का प्रदर्शन किया। कंपनी बाग से कमिश्नरी तक भाजपाई जुलूस की शक्ल में पहुंचे। इसके बाद मेयर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मिलथलेश रानी, शहर विधायक रितेश गुप्ता और एक अधिवक्ता के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे सर्वेश ने जिला निर्वाचन अधिकारी/ रिटर्निंग आफिसर को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
सर्वेश के नामांकन के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे से ही कंपनी बाग पर भीड़ जुटने लगी थी। मुरादाबाद के साथ ही कांठ, ठाकुरद्वारा, देहात और बढ़ापुर विधानसभा से भी लोग सर्वेश के नामांकन में पहुंचे थे। मुस्लिम धर्म के लोगों को नामांकन में लाकर सर्वेश ने यह संदेश देने की भी कोशिश की कि भाजपा में होने के बावजूद उन्हें मुस्लिम धर्म का समर्थन हासिल है। मंत्री भूपेंद्र सिंह तो नामांकन में नजर नहीं आए लेकिन उनके करीबी माने जाने वाले शहर विधायक रितेश गुप्ता सुबह से मौजूद रहे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सर्वेश अपने काफिले के साथ कंपनी बाग पहुंचे। यहां उन्होंने अपने नामांकन में आए लोगों को धन्यवाद दिया। इसके बाद भाजपाइयों को जुलूस सर्वेश के साथ कमिश्नरी तक पहुंचा। दोपहर करीब ढाई बजे सर्वेश कलक्ट्रेट पहुंचे और रिटर्निंग आफिसर के कक्ष में पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले भाजपाइयों ने कमिश्नरी से आगे बढ़ने की कोशिश की। इसे लेकर उनकी पुलिस से नोंकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस ने सख्ती से सभी को यहीं रोक दिया। कलक्ट्रेट में सर्वेश के साथ घुसने की कोशिश करने वाले कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने रोक दिया।