शहर को स्मार्ट बनाने की दौड़ में तीन कंपनियां सामने आई हैं। शनिवार को इन कंपनियों की तकनीकी बिड का मूल्यांकन स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीबी) के सीईओ व नगर आयुक्त समेत सात अफसरों की टीम ने किया। तकनीकी मूल्यांकन में राष्ट्रीय स्तर की श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड, रुद्राभिषेक इंटरप्राइजेज लिमिटेड और दारा शाह एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों के नाम सामने आने के बाद अगले चरण की प्रक्रिया में शामिल हो चुकी हैं। इन सभी के मुख्यालय नोएडा में बताए गए हैं, अब इनका वित्तीय मूल्यांकन किया जाएगा। जिसमें यह देखा जाएगा कि कंपनी 22 अरब 26 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को अमली जामा पहना सकेंगी या नहीं।
स्मार्ट सिटी प्रभारी टीएन मिश्रा ने बताया कि वित्तीय मूल्यांकन में जो कंपनी सबसे सही होगी। उसे ही प्राइवेट मैनेजमेंट कंसल्टेंट (पीएमसी) की जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही, उनके प्रोजेक्ट को भी जांचा जाएगा। सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी को ही वरीयता दी जाएगी। पीएमसी कंपनी ही स्मार्ट सिटी के अलग-अलग प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जारी करेगी। टेंडर खोलने, तकनीकी व वित्तीय मूल्यांकन के बाद उसकी सब कंपनियों के पक्ष में कार्य आदेश जारी होगा। अधिकारियों के मुताबिक चार दिन में पीएमसी कंपनी पर अंतिम मुहर लग जाएगी।
पूर्व में चुनी गईं कंपनी निकलीं थी डिफॉल्टर
बीते साल में स्मार्ट सिटी प्राइवेट लि. के विकास कार्य कराने के लिए ऑनलाइन कंपनियों के टेंडर खोले जा चुके हैं। एक कंपनी का चयन भी हुआ था। शासन को सूचित किए जाने के बाद 53 करोड़ की एक किस्त जारी हुई, लेकिन यह कंपनी डिफाल्टर साबित हो गई। जिसके बाद दोबारा पीएमसी गठन की प्रक्रिया के तहत टेंडर ओपन किए गए। नगर निगम के सूत्रों के मुताबिक शासन से 53 करोड़ रुपये की एक और किस्त जारी हो चुकी है। जोकि स्मार्ट सिटी प्राइवेट लि. के खाते में सुरक्षित है।
दारा शाह कंपनी ने ही बनाया था प्रपोजल
मुरादाबाद चौथे राउंड में 68.31 प्रतिशत अंकों के साथ सातवें पायदान पर पहुंचा था। इससे पहले तीन बार मुरादाबाद नगर निगम के प्रोजेक्ट फेल हो चुके थे। नगर निगम का प्रपोजल भी दारा शाह एंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने तैयार किया था।
इन कंपनियों के नाम तकनीकी मूल्यांकन में आए सामने :
- श्रेई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड
- रुद्राभिषेक इंटरप्राइजेज लिमिटेड
- दारा शाह एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड
तकनीकी मूल्यांकन में तीन कंपनियों के नाम सामने आए हैं। छह मार्च तक वित्तीय मूल्यांकन का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी - टीएन मिश्रा, प्रभारी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट