उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की गुरुवार को हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा 4838 बच्चों ने छोड़ दी। परीक्षा को लेकर बच्चे काफी मानसिक दबाव में थे। लेकिन पेपर हाथों में आते ही उनका दबाव फुर्र हो गया और 39335 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। गुरुवार को हाईस्कूल की अंग्रेजी समेत 14 विषयों के पेपर में कुल 41109 बच्चों और इंटर के गृह विज्ञान में 9040 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
हाईस्कूल की सुबह की पाली में अंग्रेजी, बहीखाता लेखाशास्त्र, कृषि वनस्पति विज्ञान, फल एवं खाद्य प्रसंस्करण, पाक शास्त्र, परिधान रचना, बैंकिंग तथा कंफेंशनरी, बहुउद्देश्यीय समाज कार्मिक, रंगीन फोटोग्राफी, रेडियो एवं रंगीन, बैंकिंग, टंकण हिंदी एवं अंग्रेजी और आशुलिपिक टंकण विषयों की परीक्षा हुई। इनमें सर्वाधिक परीक्षार्थियों का पंजीकरण अंग्रेजी पेपर के लिए था। अंग्रेजी में 44193 बच्चों का पंजीकरण था और 39355 ने उपस्थित होकर परीक्षा दी। 4838 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि हाईस्कूल के सभी विषयों में 64029 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 41109 उपस्थित हुए और 4923 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर के गृह विज्ञान की परीक्षा में 9969 का पंजीकरण था और 9040 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। 929 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम के मुताबिक परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सचल दस्तों ने सभी सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली। हाईस्कूल की छात्रा मेघा और कोतल ने बताया कि परीक्षा को लेकर काफी दबाव था। लेकिन पेपर हाथों में आते ही दबाव गायब हो गया। पेपर काफी आसान था और सभी सवाल आसानी से हल हो गए।