एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा प्रोफेशनल कोर्सों की प्रैक्टिकल परीक्षा कालेजों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। कालेजों में अभी तक प्रैक्टीकल परीक्षा नहीं हुई हैं और विश्वविद्यालय वेबसाइट पर अंक अपलोड करने के लिए दबाव बना रहा है। कालेजों का कहना है कि उन्हें अभी तक विश्वविद्यालय की ओर से वाह्य परीक्षकों के नाम तक नहीं मिल सके हैं।
विश्वविद्यालय की प्रोफेशन कोर्स की सेमेस्टर परीक्षा 29 दिसंबर को समाप्त हुई हैं। विवि में मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया है और माह के अंत तक परिणाम जारी करने की योजना बनाई जा रही है। मेफेयर कालेज के प्राचार्य डॉ. छुट्टन खान ने बताया कि कालेज में बीबीए तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा होनी है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 21 विद्यार्थियों की सूची निकालनी थी। पहले दिन सभी छात्रों के नाम थे, लेकिन दूसरे दिन सिर्फ 19 छात्रों के नाम ही दिखाई दे रहे थे। शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा प्रैक्टिकल के लिए 30 दिसंबर को वाह्य परीक्षकों के नाम मिले हैं। एक-दो दिन में उनसे संपर्क कर तारीख निर्धारित की जाएगी। हिंदू कालेज के प्राचार्य डॉ. केसी गुप्ता ने बताया कि आंतरिक परीक्षकों के नाम विश्वविद्यालय को भेज दिए हैं, लेकिन विश्वविद्यालय ने अभी तक वाह्य परीक्षकों के नाम उपलब्ध नहीं कराए हैं, जिसकी वजह से प्रैक्टिकल नहीं हुए हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि मूल्यांकन अभी शुरुआती चरण में है। प्रैक्टिकल अंकों को अपलोड करने की तारीख बढ़ा दी गई है। अब कालेजों को 20 जनवरी तक अंक अपलोड करने हैं। उसमें संशोधन का प्रावधान नहीं है।