बिलारी। बारिश शुरू होने और लोड घट जाने के बावजूद देहात इलाके में अघोषित बिजली कटौती की समस्या जारी है। पूर्व में विद्युत विभाग के अधिकारी गर्मी में ओवरलोडिंग से बिजली कटौती होना बताते रहे हैं। दो दिन से बारिश होने से ग्रामीण अंचल में निजी नलकूपों के लिए बिजली की मांग घटने लगी है लेकिन उसके बावजूद अघोषित बिजली कटौती अभी भी हो रही है। बिलारी विद्युत उपखंड से जुड़े सफीलपुर विद्युत उपकें द्र के करसरा फीडर पर दिन और रात के शेडयूल में अघोषित कटौती हो रही है। सफीलपुर विद्युत उपगृह के स्योंडारा फीडर पर अक्सर एक से दो घंटे की कटौती हो रही है। इसके साथ ही बिलारी देहात बिजलीघर के नौर्थ ईस्ट और नॉर्थ वेस्ट फीडर पर दो से तीन घंटे की अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। बिजलीघर के प्रभारी जेई शम्स तवरेज का कहना है कि स्थानीय स्तर की बजाए 132 केवी बिजलीघर से अघोषित कटौती होती है।