मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन असली ने देशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की है। एक जुलाई से प्रदेश में मक्का आंदोलन शुरू किया जाएगा। 23 जुलाई को प्रत्येक मंडल पर कमिश्नर का घेराव किया जाएगा। उसके बाद 26 जुलाई से 26 अगस्त तक देशभर में किसान आंदोलन पर रहेंगे। उसमें किसानों के 43 संगठन भाग ले रहे हैं।
भाकियू असली की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देशव्यापी आंदोलन का एलान किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने बताया कि एक जुलाई से प्रदेश में मक्का आंदोलन शुरू किया जाएगा। सरकार के मक्का के न्यूनतम खरीद मूल्य 1470 रुपये घोषित करने के बावजूद सरकारी खरीद केंद्र स्थापित न करने पर नाराजगी प्रकट की गई। ऐसे में बाजार में मक्का एक हजार रुपये क्विंटल खरीदी जा रही है। देश व्यापी आंदोलन की रणनीति पांच और छह जुलाई को दिल्ली में तय की जाएगी। उसके बाद 23 जुलाई को प्रत्येक मंडल पर कमिश्नर का घेराव किया जाएगा। 26 जुलाई से एक महीने तक देशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्वीकृत प्रस्ताव -
...
1. गन्ना बकाया का तत्काल भुगतान कराया जाए
2. दलहन और मक्का खरीद के केंद्र लगवाए जाएं
3. आगामी सत्र से किसानों को गन्ने का नकद भुगतान कराया जाए
4. किसानों को मेडिक्लेम की सुविधा दी जाए
5. फसल बीमा योजना को सरल बनाया जाए
6. आम के बागों में फल न आने पर पर्यावरण शुल्क किसानों को दिया जाए
7. अपने खेत में खड़े पौधों को काटने की अनुमति किसानों को प्रदान की जाए
8. आवारा पशुओं से किसानों की फसलों की सुरक्षा के इंतजाम हों
9. खेती में प्रयुक्त होने वाली बिजली दरों को आधा किया जाए
10. डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए
11. किसानों को वृद्धावस्था पेंशन की व्यवस्था की जाए
12. खेती को प्रत्येक सीजन में दिन में बिजली दी जाए
13. किसानों की पैदावार को बिचौलियों से मुक्त किया जाए
14. दूध के पर्याप्त दाम दिलाए जाएं। इसका एमएसपी घोषित किया जाए
15. सभी पशुओं को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाए।