जिला अस्पताल के डाक्टरों को फोटो से पहचानेंगे मरीज
- डाक्टरों की सूची बोर्ड पर लगी फोटो, मोबाइल नंबर भी हाेंगे
- इंटर्नशिप करने वाले स्टूडेंट मरीजों का नहीं कर सकेंगे इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
एनएबीएच के मानकों को पूरा करने में जुटे जिला अस्पताल में बदलाव की बयार चल रही है। डाक्टरों की सूची बोर्ड पर अब उनकी फोटो लगाई गई है। बोर्ड पर नाम के साथ डाक्टराें के मोबाइल पर भी होंगे। ओपीडी में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीज फोटो से डाक्टर को पहचान सकेंगे। मरीज इंटर्नशिप करने स्टूडेंट के झांसे में नहीं आएंगे।
जिला अस्पताल में हर साल मेडिकल के स्टूडेंट इंटर्नशिप करने पहुंचते हैं। जो डाक्टरों की देखरेख में मरीजों का ट्रीटमेंट करना सीखते हैं। लेकिन डाक्टर की गैरमौजूदगी में एप्रिन पहनकर बैठे इंटर्नशिप स्टूडेंट को ही मरीज डाक्टर समझ बैैठते हैं। इंटर्नशिप स्टूडेंट भी मरीजों का ट्रीटमेंट करने और दवा लिखने से नहीं चूकते हैं। लेकिन जिला अस्पताल में अब ऐसा नहीं होगा। जिला अस्पताल के सभी डाक्टरों की मय फोटो ओपीडी में सूची बोर्ड लगेगी। जिसपर डाक्टरों के नाम के साथ-साथ उनके मोबाइल नंबर भी होंगे। फोटो से मरीज संबंधित डाक्टर को पहचान सकेंगे। जिला अस्पताल के प्रभारी एसआईसी डा. अशोक कुमार ने बताया कि अभी तक सूची बोर्ड पर सिर्फ डाक्टरों के नाम होते थे। लेकिन अब नाम के साथ फोटो और मोबाइल नंबर भी होंगे।