हिंदू कालेज में जंतु विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुधा गर्ग को प्रबंध समिति ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई आदेशों की अवेहलना और अनुशासनहीनता के कारण की गई है। वहीं दूसरी ओर निलंबित डॉ. सुधा गर्ग ने इस आदेश के खिलाफ गुरुवार से आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है। उनके समर्थन में शिक्षक संघ ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है।
हिंदू कालेज प्रबंध समिति का आरोप है कि 18 फरवरी को प्रबंधन की ओर से जारी किए गए आदेश के बावजूद डॉ. सुधा गर्ग ने बिना किसी पूर्व अनुमति के जंतु विज्ञान विभाग के एमएससी अंतिम वर्ष के दो ब्रांच को बंद कर दिया। इन पर मांगों को मनवाने के लिए महाविद्यालय में अवैधानिक रूप से सत्याग्रह करने का आरोप है। एमएसी प्रथम व द्वितीय वर्ष के संस्थागत छात्र-छात्राओं के परीक्षा फार्म शैक्षिक भ्रमण के लिए दो हजार रुपये जमा न करने के कारण स्वीकार न करने। परीक्षा फार्म में केवल विषय फिश एंड फिशरीज को भरने। साथी शिक्षकों के कमरे में प्राचार्य व प्रबंधनतंत्र की आज्ञा के बिना ताला डालने। शिक्षकों और कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार न करने। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली द्वारा की गई वार्ता के बाद भी प्रकरण को न सुलझाने के आरोप हैं। निलंबन के बाद उनके स्थान पर दीपा सेठी को प्रभारी विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
जांच को बनाई गई तीन सदस्यीय समिति
प्रबंध समिति के सचिव ने डॉ. सुधा गर्ग पर लगे आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता किशन स्वरूप भटनागर, सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर जंतु विज्ञान डॉ. वीके त्यागी, अधिवक्ता विनीत कुमार गौड को शामिल किया गया है।
निलंबन निरस्त करने की मांग
हिंदू कालेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. एके शर्मा और सचिव डॉ. सुरेंद्र सिंह ने प्रबंधन को लिखे पत्र में तत्काल प्रभाव से डॉ. सुधा गर्ग का निलंबन निरस्त करने की मांग की है। यदि निलंबन निरस्त नहीं हुआ तो शिक्षक संघ आंदोलन करेगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी कालेज प्रशासन की होगी।
आज से आमरण अनशन
डॉ. सुधा गर्ग ने कहा कि है निलंबन के खिलाफ गुरुवार से आमरण अनशन करेंगी। क्योंकि यह हर तरह से प्रतिष्ठा को खत्म करने वाला है। आमरण अनशन का पत्र मुख्यमंत्री पोर्टल, कुलपति, एलआईयू आदि को भेज दिया है।
मैं मुरादाबाद में नहीं हूं। सुधा गर्ग पर लगाए गए आरोप का स्पष्टीकरण तीन बार मांगा जा चुका है। उनका जवाब गुमराह करने वाला था। इसके बाद प्रबंध समिति की बैठक बुलाई गई और सर्व सम्मति से सुधा गर्ग के निलंबन का प्रस्ताव पारित किया गया। यदि आमरण अनशन की चेतावनी देती हैं तो उनके लिए स्थिति और घातक हो जाएगी।
डॉ. केसी गुप्ता, प्राचार्य, हिंदू कालेज।
मुझे निलंबन की जानकारी नहीं है। प्रबंध समिति का फैसला भी नहीं मिला है।
डॉ. राजेश प्रकाश, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बरेली।