इन्वेस्टर्स समिट 2018 में मुरादाबाद के 17 निवेशक रविवार को ट्राफी देकर सम्मानित किए गए। इन निवेशकों ने 900 करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे मुरादाबाद में औद्योगिक विकास में तेजी आएगी।
कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में रविवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की जिला स्तरीय बैठक में विधायक राजेश कुमार चुन्नू और विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने निवेशकों को सम्मानित किया। बैठक में लालपुर बस्तौर, संभल रोड की सात इकाइयों के लिए जल्द फाइबर केबिल कनेक्शन देने पर सहमति बनी।
मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर एसोसिएशन ने कहा कि अग्निशमन विभाग के वाटर हाईड्रेंट लगातार कम हो रहे हैं। मुरादाबाद में 42 हाईड्रेंट स्थापित हैं, जिनको चालू कराया जा रहा है। 10 नये फायर हाईड्रेंट बनाने के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। मुरादाबाद ब्रास कारखानेदार एसोसिएशन के चेयरमैन आजम अंसारी ने विभिन्न योजनाओं में हस्तशिल्पियों को दिए जाने वाले लाभ का मुद्दा उठाया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने कहा कि दो लाख रुपये तक के ऋण पर जीएसटी अनिवार्य नहीं।
जिलाधिकारी ने पुराने शहर में विद्युत कटौती एवं फाल्ट पर फोन रिसीव न करने वाले अवर अभियंताओं के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए। एकल मेज व्यवस्था के क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी सिटी अंकित मित्तल, संयुक्त निदेशक उद्योग देशराज गौतम, मुख्य अभियंता विद्युत, मुख्य अभियंता नगर निगम, एलडीएम समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।
इनको मिला सम्मान
मै. जीनस पेपर्स एंड बोडर्स के ओडी शर्मा, तीर्थांकार महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के राजेश वर्मा, पीसीडीएफ के एसआर राना, सैनिक लाइफ स्टाइल के विनय मंगला, सीएल गुप्ता ओवरसीज के अजय गुप्ता, एशियन विवेकानंद सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विशाल शर्मा, बंसल इंक के राम बंसल, पैरामाउंट इंटरप्राइजेज के मौ. इकबाल शम्सी, ओम संस हॉली डे इन लिमिटेड के महेश अग्रवाल, डिजाइनको ओवरसीज के विपुल गुप्ता, एक्यूब क्राफ्ट कांसेप्ट के अंकुर प्रकाश, पार्थ एक्सपोर्ट के राजीव गोयल, एंजिल सिक्युरिटीज एंड सर्विस के प्रकाश वर्मा, शमा इंटरप्राइजेज के शमा इकबाल, सैनिक स्कूल ऑफ मैटरलर्जी एंड मैनेजमेंट के विनय मंगला और पैरामाउंट मेटल इंडस्ट्रीज के मौ अतहर शम्सी हैं।