टीकाकरण कैंपों में जिन हज यात्रियों के टीके नहीं लग पाए थे उनके लिए शनिवार को विशेष टीकाकरण कैंप लगाया जा रहा है। कैंप सुबह दस बजे से मदरसा जामिया सिद्दीकिया ब्रांच कार्यालय में लगाया जाएगा। इसमें मैनिंजाइटिस के अलावा 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को इन्फ्लुएंजा के टीके भी लगाए जाएंगे। उधर, शुक्रवार से ही हज यात्रा शुरू हो रही है।
मुरादाबाद जिले से 2379 यात्रियों का हज के लिए चयन हुआ है। यात्रा 14 जुलाई से 28 जुलाई तक होगी। यात्री 49 उड़ानों से जाएंगे। यात्रियों के टीकाकरण के लिए जिले में 12 सेंटरों में कैंप लगाए गए। कैंपों में 2145 लोगों को मैनिंजाइटिस के टीके लगाए जा चुके हैं। टीके लगने से छूटे हुए यात्रियों के लिए विशेष टीकाकरण एवं प्रशिक्षण कैंप के आदेश जारी हो गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के मुताबिक कैंप शनिवार सुबह दस बजे से शुरू हो जाएगा। कैंप के लिए खुसरो फैसल राजा, मौलाना मुजमिल हुसैन सिद्दीकिया हज ट्रेनर हैं। अलग-अलग यात्राओं में जाने वाले करीब 200 लोगों की उम्र 70 साल से अधिक है। अभी तक लगाए कैंपों में मात्र 50 लोगों को इन्फ्लुएंजा के टीके लगे हैं। शनिवार को लगने वाले विशेष टीकाकरण के लिए इन्फ्लुएंजा के टीके पर्याप्त मात्रा में हैं। लिहाजा जिले भर से जिन लोगों को टीके नहीं लगे हैं वो कैंप में टीकाकरण कर सकते हैं।