ठाकुरद्वारा। बुधवार की रात को हुई बारिश से सूखती धान की पौध, गन्ने व चारे की फसल को कुछ राहत मिली। जबकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से भी छुटकारा मिला। बारिश के कारण क्षेत्र में जगह जगह क्षतिग्रस्त सड़कों पर जलभराव हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार की रात को करीब 10 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद रूक रूक कर पूरी रात हल्की बारिश होती रही। बारिश से तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिली। वहीं गुरूवार को फिर चिलचिलाती धूप ने फिर गर्मी का अहसास करा दिया। किसान राजेंद्र सिंंह का कहना है कि बारिश से किसानों को कोई विशेष फायदा नहीं पहुंचा है। किसानो को उम्मीद है कि शीघ्र अच्छी बारिश होने से धान की रोपाई का कार्य शुरू हो जाएगा।