बिलारी। नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष ज्योति सिंह के सार्थक प्रयासों और पालिका अधिकारियों की मेहनत के बाद बिलारी नगर के सभी वार्ड खुले में शौचमुक्त हो गए हैं। अब बिलारी नगर को ओडीएफ घोषित करने के लिए शीघ्र ही प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजने की तैयारी है।
साल भर पहले प्रदेश शासन ने बिलारी नगर को खुले में शौचमुक्त घोषित करने का लक्ष्य बिलारी पालिका प्रशासन को दिया था। पालिका की तत्कालीन अधिशासी अधिकारी रहीं अमिता वरूण ने इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाई। बाद में ज्योति सिंह के बिलारी पालिका का अध्यक्ष बनने पर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं सार्थक प्रयास करते हुए पालिका स्टाफ के साथ बैठकें कीं और गणमान्य नागरिकों तथा पालिका सभासदों का सहयोग लेते हुए बिलारी नगर को शीघ्र ही खुले में शौचमुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया। पालिका कार्यालय सूत्रों के मुताबिक बिलारी नगर में लगभग आठ हजार परिवार हैं। पालिका द्वारा सर्वे कराने के बाद 882 घर ऐसे मिले जिनमें जल प्रवाहित शौचालय बने हुए नहीं थे।
नगरपालिका के सफाई निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि बिलारी नगर के सभी लक्षित 882 घरों में शौचालय बनवा दिए गए हैं और नगर के सभी 25 वार्ड और समस्त मोहल्ले खुले में शौचमुक्त कर दिए गए हैं। पालिका के अधिशासी अधिकारी बब्बन यादव ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन अरबन अभियान के तहत बिलारी नगर में अब कोई खुले में शौच करने नहीं जाता है।