फरारी में मददगार बने विशाल पर भी 20 हजार का ईनाम घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
करीब दो माह पहले कचहरी में पुलिस वालों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर फरार हुए कुख्यात गैंगस्टर आदित्य सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके साथी विशाल पर भी बिजनौर और मुरादाबाद पुलिस ने 20 हजार का पुरस्कार घोषित किया है। सटीक सूचना के बाद स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने पिछले दिनों बिजनौर में चांदपुर के गांव गौहली में छापा मारा था। लेकिन आदित्य पुलिस पर गोलियां बरसाकर फिर भाग निकला। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके साथी विशाल को गोली लगी है।
बिजनौर के स्यौहारा थाना क्षेत्र में राना नंगला निवासी गैंगस्टर आदित्य सिंह ने 22 जून 2014 को सिविल लाइंस में डाक्टर जहांगीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही वह जिला जेल में बंद था। हत्या के इस मामले में उसके खिलाफ फैसला आने वाला था। लेकिन इससे पहले ही तीन अगस्त को वह कचहरी में पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।
आदित्य की फरारी में शामिल मुजफ्फर नगर के बदमाश विवेक उर्फ वीरू को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने खुलासा किया था कि वह जेल में सुपारी लेने के बाद बिजनौर में एक हत्या करने के लिए फरार हुआ है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र में अम्हेड़ा में हुई एक हत्या में उसके शामिल होने की सूचना मिली है। 22 सितंबर को वह बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव गौहली में इरशाद के घर छुपा था। एसओजी ने छापा मारा तो वह गोलियां बरसाता हुआ अपने साथी विशाल और रोहित के साथ फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में एसआई वरुण बाल - बाल बचे। पुलिस फायरिंग में एक गोली विशाल के पैर में लगने की भी पुष्टि पुलिस ने की है। इस बीच मुरादाबाद एसएसपी ने आदित्य और विशाल पर 12- 12 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसपी बिजनौर ने भी आदित्य पर 25 हजार और विशाल पर 20 हजार का इनाम घोषित किया है।