मुरादाबाद। पालीटेक्निक प्रवेश परीक्षा इस वर्ष 26 मई को आयोजित की जा रही है। लोकसभा चुनाव की वजह से इसके आयोजन में करीब एक माह की देरी हो गई है। जिला स्तर पर परीक्षा संबंधी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। जोनल आफीसर ने बताया कि मुरादाबाद में परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं।
पालीटेक्निक प्रवेश परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगी। दोनों पालियों में पांच हजार अभ्यर्थी आवंटित हैं। दूसरी पाली में 15 सौ अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा में बैठने के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड होना शुरू हो गए हैं। जोनल आफीसर राजकीय महिला पालीटेक्निक के विश्वास कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए उनके अलावा राजकीय महिला पॉलीटेक्निक के ही संजय खन्ना को जोनल ऑफीसर बनाया गया है, जबकि प्रशासन की ओर से एक जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी। राजकीय पालीटेक्निक के प्राचार्य तजम्मुल अफजाल जिला समन्वयक हैं। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र परीक्षा के दिन मुख्य डाकघर से मिलेंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना है। सुबह की पाली के लिए आठ केंद्र और शाम की पाली के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर से निगरानी की जाएगी। विश्वास कुमार का कहना है कि अभी तक दो ओएमआर होती थीं, लेकिन इस वर्ष प्रक्रिया में बदलाव करते हुए तीन ओएमआर होंगी। इसमें प्रश्नपत्र के साथ एक ओएमआर अभ्यर्थी को दे दी जाएगी, जबकि दो ओएमआर को जमा कर लिया जाएगा।