मुरादाबाद। उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड से जारी मॉडल पेपर मददगार साबित हो रहा है। बोर्ड में पहली बार सभी विषयों के एक-एक ही पेपर होंगे। इसको लेकर विद्यार्थियों की उलझन थी। मॉडल पेपर जारी होने से परीक्षार्थियों ने उसी आधार पर तैयारी और रिवीजन शुरू कर दिया है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सात फरवरी 2019 से होनी हैं। हाईस्कूल की परीक्षा सात फरवरी से 28 फरवरी तक 14 दिनों में होंगी। जबकि इंटर की परीक्षाएं भी सात फरवरी से शुरू होकर दो मार्च तक चलेंगी। परीक्षाएं 16 दिनों में होंगी। बोर्ड स्तर पर परीक्षा की तैयारियां जोरशोर से शुरू हैं। परीक्षा सेंटरों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आनलाइन ही परीक्षा सेंटर घोषित होंगे। इसके बाद जिला स्तरीय कमेटी सेंटरों का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप सुविधाओं पर अपनी रिपोर्ट देगी। एनसीआरटीई पाठ्यक्रम और एक ही पेपर होने से विद्यार्थी असमंजस में थे। परीक्षा को लेकर बोर्ड ने सभी विषयों के मॉडल पेपर जारी किए हैं। मॉडल पेपर परिषद की वेबसाइट में अपलोड किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी करने में काफी मदद मिल रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के मुताबिक प्रत्येक पेपर 70 नंबर का होगा। पास होने के लिए 23 नंबर अनिवार्य होंगे। जबकि 30 नंबर की आंतरिक परीक्षा होगी और इसमें पास होने के लिए 10 नंबरों की जरूरत होगी।