मुरादाबाद। गांधी नगर पब्लिक स्कूल में फीस जमा न होने पर 40 बच्चों को मासिक परीक्षा देने से रोकने और उन्हें बंधक बनाने के बाद शुक्रवार को स्कूल बंद करने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों की मनमानी रोकने की मांग की।
एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री सचिन चौधरी और विभाग संयोजक महानगर चकित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर स्कूलों की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि फीस जमा नहीं होने पर बच्चों को परीक्षा देने से रोका जा रहा है। बंधक बनाने के बाद दूसरे अभिभावकों पर दबाव बनाने के लिए शुक्रवार को स्कूल बंद किया गया। वक्ताओं ने डीएम राकेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों की मनमानी रोकने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बच्चोें को बंधक बनाने की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान सचिन सिंह, निखिल आर्य, पवन जोशी, प्रमोद कुमार और पीयूष पाल आदि रहे।
बच्चों को बंधक बनाने की घटना की निंदा
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अभिभावक संघ ने गांधी नगर स्कूल प्रबंधन के बच्चों को बंधक बनाने की घटना की निंदा की है। प्रदेश अध्यक्ष मो. अनस ने मंडल आयुक्त को ज्ञापन भेजकर कहा कि बच्चों को बंधक बनाने जघन्य अपराध है। उन्होंने कहा कि स्कूल को काली सूची में डाला जाए। स्कूल का आडिट कराकर उसकी मान्यता का भौतिक निरीक्षण कराया जाए। प्रबंध समिति एवं प्रधानाचार्य के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर प्रशासनिक रिसीवर नियुक्त किया जाए।