ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों रूपए की भूमि को अपने नाम कराने के आरोप में पुलिस ने दो भाईयों और उनकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। नगर के अस्पताल रोड पर स्थित करोड़ों रूपए की भूमि का विवाद कोर्ट पहुंच गया। कोर्ट ने दायर याचिका पर सुनवाई के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। ठाकुरद्वारा नगर के मौहल्ला ताली वार्ड आठ निवासी महमूद अली खां एडवोकेट पुत्र अहमद अली ने कोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि वह 468 वर्ग फीट अस्पताल रोड पर स्थित भूमि पर काबिज है। उसने इस भूमि को वैनामे द्वारा खरीदा था। आरोप है कि मौहल्ला ताली निवासी शरीफ खां, उनके भाई अमीर खां व उनकी मां मुन्नी बेगम ने आपस में हमसाज होकर आबादी की इस भूमि को बेईमानीपूर्वक हड़पने की साजिश रची। जिसमें उन्होंने एक फर्जी व कूटरचित अनरजिस्टर्ड फर्जी स्टांप पेपर अमीर दूल्हा खां को विक्त्रस्ेता दर्शाकर 23 अप्रैल 1979 का धोखाधड़ी से तैयार कर लिया। इसे इस्तेमाल करते हुए उनकी आबादी की इस भूमि को कब्जाने के लिए 28 अप्रैल 2018 को तहसीलदार को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रार्थना पत्र दिया। जिसकी सूचना महमूद अली खां ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए दी। लेकिन पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिस पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।