ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तुमड़िया डैम में पानी संचय न होने के विरोध में एसडीएम के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तराखंड में स्थित तुमड़िया डैम से किसानों की सिंचाई के लिए यूपी की नहरों में पानी छोड़ा जाता है। लेकिन काशीपुर व रामनगर उत्तराखंड के सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं की लापरवाही के कारण डैम में पानी संचय नहीं हो पा रहा है। जिससे क्षेत्र के किसानों को फसलों की सिंचाई और धान की रोपाई के लिए पानी नहंी मिल पा रहा है। इस लापरवाही के चलते किसानों की चारे व गन्ने की फसल सूख रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि कोसी नदी से पानी लेकर डैम को भरा जाए। अगले वर्ष मार्च अप्रैल माह में डैम से पांच फीट जमा गाद को निकलवाया जाए। ताकि डैम की पानी की संचय क्षमता बढ़ने से इसका लाभ क्षेत्र के किसानों को मिल सके। ज्ञापन देने वालों में हरकेश सिंह, भारती देवी, सुकलेश देवी, प्रशांत कुमार, ओमप्रकाश, शोभा सिंह, नंदकिशोर, नरेंद्र सिंह, भगवंत सिंह, देवेंद्र सिंह, गनपत सिंह, मुन्नू सिंह आदि मौजूद थे।