बिलारी। स्थानीय विद्युत वितरण उपखंड में आने वाले विद्युत उपकेंद्र के देहात इलाके में अघोषित बिजली कटौती की समस्या जारी है। बिलारी में मानसूनी बारिश कई दिन पहले हल्की होने के बाद रुक गई। अब दो दिन से उमस भरी गर्मी का प्रकोप जारी है। दिन मेें तेज धूप निकलने से नगर क्षेत्र में गर्मी से राहत पाने को और ग्रामीण अंचल में निजी विद्युत नलकूपों से फसलों की सिंचाई को बिजली की अधिक जरूरत महसूस की जा रही है। बिलारी देहात वाले विद्युत उपके ंद्र के नॉर्थ ईस्ट और नॉर्थ वेस्ट फीडर, सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के करसरा फीडर और सहसपुर विद्युत उपकेंद्र के स्योंडारा फीडर पर बीते दो दिन से अघोषित बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। सहसपुर में तो टाउन वाले फीडर पर भी दिन में बिजली मिलने के निर्धारित समय में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। बिलारी देहात बिजली घर के प्रभारी अवर अभियंता शम्स तवरेज का कहना है कि 132 केवी बिजलीघर से जो शेड्यूल मिला है उसी के मुताबिक विद्युत आपूर्ति देना संभव हो रहा है।