मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के लालूवाला में शनिवार की दोपहर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक दुकान पर छापा मारकर 19 पेटी कोल्ड ड्रिंक्स बरामद किया। जांच अधिकारियों का कहना था कि कोल्ड ड्रिंक्स एक्सपायरी डेट की हैं। इस मामले में सैंपल लेने के बाद जांच अधिकारियों ने दुकान को सील कर दिया है।
अमर उजाला में 30 मई को खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सक्रिय हो गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर सिंह यादव ने बताया कि उनको सूचना मिली कि भोजपुर क्षेत्र में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स जा रही हैं। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ लालूवाला गांव निवासी जमील की दुकान पर छापा मार दिया। जांच के दौरान दुकान में एक्सपायरी डेट की 19 पेटी कोल्ड ड्रिंक्स बरामद कीं। इस मामले में सैंपल भी लिया गया।