मुरादाबाद। डाक विभाग की चेक बुक से दो ब्लैंक चेक गायब हो गए। इन चेकों को एक्सिस बैंक के खाते में लगाकर 19.96 लाख रुपये विभाग के खाते से निकाल लिए गए हैं। रुपया राजस्थान निवासी व्यक्ति के खाते में पहुंचा है। जिसके द्वारा 17 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। मामले की जानकारी होने के बाद से विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मुरादाबाद मंडल के हेड डाक पोस्ट ऑफिस में उस समय अफरातफरी मच गई जब डाकखाने की सरकारी चेकबुक से 1996015 रुपये के दो चेक गायब होने का मामला सामने आया। डाकखाने की चेकबुक हेड ऑफिस में तैनात डिप्टी पोस्ट मास्टर के पास रहती है। जानकारी के अुनसार डिप्टी पोस्ट मास्टर ने जब चेक काटने के लिए चेकबुक का इस्तेमाल किया तो उसके अंदर से दो चेक गायब थे। ये देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इस जानकारी से पूरे डाकखाने में अफरातफरी का माहौल हो गया।
सूत्रों के अनुसार जब डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक की जांच में सामने आया है कि दोनों चेकों को एक्सिस बैंक के खाते में लगाकर 19 लाख रुपये की धनराशि निकाली गई है। यह धनराशि राजस्थान निवासी व्यक्ति दिनेश के खाते में ट्रांसफर हुई है। जिस खाते के नाम चेक क्लीयर हुए हैं, उस खाते से भी 17 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है।
चेक कैसे हुए गायब, शक के घेरे में कई लोग
डाक विभाग की सरकारी चेक बुक से चेक गायब होने और सरकारी धन किसी और के खाते में पहुंचने से कई लोगों को पर सवाल उठ रहा है। विभागीय कर्मचारियेां पर सबसे पहला शक जा रहा है। डिप्टी पोस्ट मास्टर के पास ही चेक बुक रहती है। उनकी निगरानी में रहने वाली चेक बुक से दो चेक गायब होने के बाद से सबसे पहला सवाल उन्हीं की ओर उठता है। इसके बाद दूसरे कर्मचारियों और अधिकारियों को भी जांच की जा रही है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से देखा जा रहा है कि चेक बुक आखिर किसी के हाथ तो नहीं लगी या डिप्टी पोस्ट मास्टर के अलमारी के इर्दगिर्द को संदिग्ध तो नहीं पहुंचा है।