मुरादाबाद। होली की मस्ती कई लोगों पर भारी पड़ गई। लोगों का चेहरा गुलाल और रंगों से रंगा पुता देख गली एवं मोहल्ले के आवारा कुत्ते आक्रामक हो गए। होली खेलते वक्त 100 से अधिक लोगों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। इनमें सबसे अधिक बच्चे शामिल हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में आवारा कुत्तों के हमलों से जख्मी लोगों की भीड़ लगी रही। ओपीडी का हाफ डे होने के बाद भी 70 लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई। अस्पताल में सौ से अधिक लोग पहुंचे थे। ओपीडी बंद होने से बाकी लोगों को वापस लौटना पड़ा।
गुरुवार होली के अवकाश के बाद शुक्रवार को हाफ डे था। सुबह आठ बजे अस्पताल खुलने के साथ कुत्तों के हमले से जख्मी लोग पहुंचने लगे। 11 बजे तक ओपीडी के बाहर लाइन लगी रही। हाफ डे होने के कारण 11 बजे ओपीडी का पर्चा काउंटर बंद हो गया। ओपीडी में मुरादाबाद शहर एवं आसपास के इलाकों से 100 से अधिक लोग पहुंचे। डा. बलराम के मुताबिक ओपीडी बंद होने तक 70 लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया। डा. बलराम ने बताया कि दीपावली और होली पर आवारा कुत्तों के काटने के मामले बढ़ जाते हैं।
दीपावली पर पटाखों के शोरगुल और होली पर लोगों का चेहरा रंगों से पुता देख गली मोहल्ले के आवारा कुत्ते हमलावर हो जाते हैं। बच्चे पिचकारी से अक्सर कुत्तों पर रंग डालते हैं। अधिकतर बड़े लोग भी होली का जश्न घर के बाहर ही सड़क पर मनाते हैं। होली मिलने आस पड़ोस और नाते रिश्तेदारों के घर जाते हैं। चेहरा और कपड़े रंगों से पुते देखकर आवारा कुत्ते काटने दौड़ते हैं। अक्सर लोग कुत्ते को डराकर भगाने का प्रयास करते हैं। कई बार कुत्ता लोगों को दौड़ा देता है। लाइनपार से बेटे को इंजेक्शन लगवाने ओपीडी पहुंचे महेश कुमार ने बताया कि होली पर बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। किसी बच्चे ने कुत्ते पर पिचकारी से पानी डाल दिया। इससे कुत्ता भागने के बजाए बच्चों पर झपट पड़ा। कुत्ते ने दो बच्चों को काट लिया। 11.30 बजे ओपीडी बंद हो गई है। इसके बाद कई लोग वापस लौट गए। कुत्ते के काटने से जख्मी दर्जनों लोग निजी अस्पताल पर भी इंजेक्शन लगवाने पहुंचे।